|
Delhi News in Detailed
|
शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़ी 18 हस्तियां सम्मानित
|
|
|
शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़ी 18 हस्तियां सम्मानित
पूर्वी दिल्ली : दैनिक जागरण आइनेक्स्ट की ओर से मयूर विहार फेज-1 स्थित एक होटल में शुक्रवार को आइकॉनिक अवार्डस कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि थे। कार्यक्रम शुरू होने से पहले केंद्रीय मंत्री शेखावत व दैनिक जागरण समूह के संपादकीय निदेशक महेंद्र मोहन गुप्त ने दैनिक जागरण के संस्थापक स्व. पूर्णचंद्र गुप्त और पूर्व प्रधान संपादक स्व. नरेंद्र मोहन गुप्त की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। इस कार्यक्रम में शिक्षा, उद्योग सहित अन्य क्षेत्रों से जुड़ी 18 हस्तियों को सम्मानित किया गया।
केंद्रीय मंत्री शेखावत ने कहा कि दैनिक जागरण ने आजादी के पहले से अब तक पत्रकारिता की पवित्रता को बरकरार रखा है। जागरण ने हमेशा ही समाज को जगाने का काम किया है। पिछले 70 वर्षों में देश ने बहुत प्रगति की है। देश आज जिस मुकाम पर पहुंचा है, उसका बारीकी से विश्लेषण करें तो किसी एक शासक और सरकार ने इसे इस उपलब्धि के लायक नहीं बनाया है। इसे मैं जिम्मेदारी के साथ स्वीकार करता हूं। उन्होंने कहा कि अखबार की यह जिम्मेदारी है कि वह लोगों को समाज के प्रति जिम्मेदारी का अहसास कराए और दैनिक जागरण यह कार्य बखूबी कर रहा है। महेंद्र मोहन गुप्त ने जागरण समूह के सात सरोकारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जागरण परिवार हमेशा से उन्नत देश व उन्नत समाज के लिए प्रतिबद्ध रहा है। समाचार पत्र के सात सरोकार इसे और गति देते हैं, जो सुशिक्षित समाज, जल संरक्षण, जनसंख्या नियोजन, गरीबी उन्मूलन, नारी सशक्तीकरण, पर्यावरण संरक्षण व स्वस्थ समाज हैं। जागरण परिवार ने इन सातों सरोकारों को अपने आचार-विचार और व्यवहार में न केवल आत्मसात किया है, बल्कि विभिन्न अभियानों के जरिये इन्हें केंद्र में बनाए रखते हुए लोगों को जागरूक करने का भी प्रयास किया है।
आइकॉनिक अवार्डस 18 ऐसी हस्तियों को दिए गए हैं, जिन्होंने वर्षों की मेहनत के बाद बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कार्यक्रम के अंत में टॉक शो भी हुआ। इसमें आइनेक्स्ट की डिप्टी एडिटर शर्मिष्ठा शर्मा ने अखबार द्वारा समय-समय पर चलाए गए उन अभियानों के बारे में बताया, जो कि समाज में परिवर्तन लाने और लोगों को जागरूक करने के लिए चलाए जा रहे हैं। इस मौके पर आइनेक्स्ट के सीओओ आलोक सांवल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
(updated on 29th November 2019)
================
|
PLEASE NOTE :: More Past News you can see on our "PAST NEWS" Coloumn
|
|
|